बेगूसराय में दिनदहाड़े एक और गोलीबारी की घटना हुई है। बदमाशों ने गन्ना जूस बेचने वाले एक नाबालिग युवक को लूट का विरोध करने पर गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आठवां ढाला के पास कोरिया की है। घायल युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र कोरिया गांव के वार्ड-1 निवासी अशोक महतो के पुत्र राधे कृष्ण (15) के रूप में की गई है।
राधे कृष्ण ने बताया कि वह कोरिया और आठवां ढ़ाला के बीच में गन्ना का जूस बेचता है। 14 फरवरी 2024 को दोपहर में मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश बदमाश आए और उससे रुपया एवं मोबाइल छीनने लगे। जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर गोली मार दी।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की छानबीन की जा रही है और गश्ती दल को बदमाशों को पकड़ने के लिए भेजा गया है।
इस घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बेगूसराय में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है और पुलिस अपराधियों को रोकने में नाकाम रही है।